Connect with us

गाजीपुर

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा

Published

on

Loading...
Loading...

ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को दिए निर्देश, सुरक्षा, सफाई और प्रकाश व्यवस्था पर विशेष जोर

गाजीपुर। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज रजा ने शनिवार को ददरी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर चल रही तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ददरी घाट पर स्नान कर गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान करेंगे। ऐसे में स्नान, जल भरने, आवागमन और ठहरने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने नगर पालिका को घाट और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने तथा पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही घाट और कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने को कहा, ताकि रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Advertisement

नावों की व्यवस्था और बिजली के तार दुरुस्त करने के निर्देश

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए घाट पर पर्याप्त संख्या में नावों और नाविकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके।

उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर झूलते विद्युत तारों को तत्काल ठीक कराने तथा क्षतिग्रस्त एवं झुके हुए बिजली के पोलों की मरम्मत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित होना चाहिए।

भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा रहेगी सर्वोच्च प्राथमिकता

पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज रजा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान घाट और प्रमुख मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम किए जाएं।

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

Advertisement

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page