गाजीपुर
20 जुलाई को लगेगा रोजगार मेला
युवाओं को मिलेगा नौकरी का अवसर
हाईस्कूल से स्नातक तक के अभ्यर्थियों के लिए मौका, 15 हजार से 23,999 रुपये तक वेतन पर होगी भर्ती
गाजीपुर। रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत जनपद गाजीपुर में 20 जुलाई 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने बताया कि जिला सेवायोजन कार्यालय एवं आदर्श प्राइवेट आईटीआई, हेतिमपुर, जमानियां के संयुक्त तत्वावधान में यह रोजगार मेला सुबह 10 बजे से आदर्श प्राइवेट आईटीआई, हेतिमपुर, जमानियां में आयोजित होगा।
रोजगार मेले में विजन इंडिया के सहयोग से प्रतिष्ठित कंपनियां जैसे हिंडाल्को, एमआरएफ टायर्स, सोडेक्सो, सुब्रोस, यूनिपार्ट्स, ग्लोबल ऑटो टेक, ग्लोबल एल्युमिनियम, एवरी डेनिशन और स्नाइडर इलेक्ट्रिक सहित अन्य कंपनियां विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी।
इन कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार रुपये से 23,999 रुपये प्रतिमाह (सीटीसी) तक वेतन मिलने का अवसर मिलेगा।
इन योग्यता वाले युवा कर सकते हैं प्रतिभाग
रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा एवं स्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी शामिल हो सकते हैं। इसमें 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को मौका दिया जाएगा।
अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर पंजीकरण कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार इच्छुक कंपनियों में आवेदन करना होगा। इसके बाद उन्हें रोजगार मेले में सुबह 10 बजे अपने समस्त शैक्षिक प्रमाण पत्रों के मूल दस्तावेज एवं छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा।
अधिकारियों ने बताया कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए किसी प्रकार का मार्ग व्यय देय नहीं होगा। रोजगार से संबंधित रिक्तियों की जानकारी विभागीय वेबसाइट रोजगार संगम पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 155330 या जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
