गाजीपुर
भूजल संरक्षण का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली
गाजीपुर में भूजल सप्ताह की शुरुआत, सीडीओ ने दिखाई हरी झंडी; विद्यार्थियों और ग्रामीणों को दिलाई जल संरक्षण की शपथ
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जल संरक्षण और भूजल के महत्व के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गाजीपुर में भूजल सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। गुरुवार को मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने विकास भवन परिसर से मोटरसाइकिल जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
“जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” थीम पर आयोजित यह रैली विकास भवन से निकलकर उच्च प्राथमिक विद्यालय महाराजगंज, प्राथमिक विद्यालय महाराजगंज होते हुए अगस्ता सलामतपुर पंचायत भवन पहुंची।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में छात्र-छात्राओं तथा पंचायत भवन पर उपस्थित ग्रामीणों को भूजल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सहायक अभियंता ने बताया कि भूजल का विवेकपूर्ण उपयोग और वर्षा जल संचयन जैसी पहलें भविष्य के जल संकट से बचाव के लिए बेहद आवश्यक हैं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई और दैनिक जीवन में पानी की बचत तथा भूजल स्तर बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया गया।
जिला प्रशासन ने बताया कि भूजल सप्ताह के दौरान जनपद में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को जल संरक्षण के प्रति प्रेरित किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सके।
