गाजीपुर
जमानिया पुलिस की बड़ी सफलता, तीन चोरी की बाइक और अवैध तमंचे के साथ शातिर वाहन चोर गिरफ्तार
मुखबिर की सूचना पर इलायचीपुर नहर तिराहे के पास दबोचा गया आरोपी, तीन मोटरसाइकिलें और जिंदा कारतूस बरामद
जमानिया (गाजीपुर)। जमानिया कोतवाली पुलिस ने वाहन चोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें, एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार स्टेशन चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह और देवरिया चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इलायचीपुर नहर तिराहे के पास स्थित एक खंडहरनुमा मकान के पास चोरी की बाइकों के साथ एक संदिग्ध युवक मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर राहुल यादव (22) पुत्र राजू यादव, निवासी ग्राम लमुई, थाना जमानिया को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। इनमें एक स्प्लेंडर प्लस बाइक थाना जमानिया में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाई गई, जबकि दूसरी सुपर स्प्लेंडर बाइक थाना रेवतीपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसके अलावा एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिसके संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचा साथ रखता था।
प्रभारी निरीक्षक राम सजन नागर ने बताया कि गिरफ्तार राहुल यादव के खिलाफ चोरी, आबकारी अधिनियम, जालसाजी और मारपीट सहित विभिन्न मामलों में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामद अवैध असलहे के आधार पर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अश्वनी प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश्वर यादव, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार, हेड कांस्टेबल अनूप सिंह, हेड कांस्टेबल मिथिलेश कुमार, कांस्टेबल नरेंद्र कुशवाहा, कांस्टेबल मुकुल मिश्रा तथा कांस्टेबल निलेश यादव शामिल रहे।
