Connect with us

गाजीपुर

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई: डीएम अनुपम शुक्ला

Published

on

Loading...
Loading...

घर-घर कूड़ा संग्रहण और आरआरसी सेंटरों के प्रभावी संचालन के दिए निर्देश, 167 प्रशासक व सचिवों के साथ समीक्षा बैठक

गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण, गौशालाओं की निगरानी और साप्ताहिक निरीक्षण पर रहेगा विशेष जोर

गाजीपुर। जिले में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को ऑडिटोरियम सभागार में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले के 167 प्रशासकों एवं ग्राम पंचायत सचिवों ने भाग लिया।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही घरों और दुकानों पर ही गीले एवं सूखे कचरे का पृथक्करण सुनिश्चित कराने तथा इसके प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।

Advertisement

डीएम ने जिले में स्थापित रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) को पूरी क्षमता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आरआरसी सेंटर पर ताला नहीं लगा होना चाहिए। ऐसा पाए जाने पर संबंधित प्रधान और सचिव की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने आरआरसी केंद्रों पर यूजर चार्ज व्यवस्था लागू करने तथा कबाड़ी विक्रेताओं का चयन कर उनसे अनुबंध करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में गौशालाओं की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कहीं भी हरे चारे की कमी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि गौ संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रत्येक बुधवार को एक नोडल अधिकारी द्वारा गांवों, स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों, गौशालाओं और आरआरसी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में गंदगी या कचरा प्रबंधन में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है और इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा। साथ ही उन्होंने आगामी दिनों में औचक निरीक्षण कर कार्यों की वास्तविक प्रगति का आकलन करने की बात भी कही।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page