बलिया
लोकतंत्र सेनानी हरेराम चौधरी को भावभीनी श्रद्धांजलि
पं. वृंदावन स्मृति परिसर में शोकसभा, जेपी आंदोलन में योगदान को किया गया याद
वक्ताओं ने कहा— वैचारिक मतभेदों के बावजूद सर्वमान्य जननेता थे हरेराम चौधरी
बलिया। सोबईबांध स्थित पंडित वृंदावन स्मृति परिसर में लोकतंत्र सेनानी एवं जनसंघ के वरिष्ठ नेता हरेराम चौधरी की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। लोकतंत्र सेनानी द्विजेंद्र कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दिवंगत नेता के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में द्विजेंद्र कुमार मिश्र ने कहा कि जेपी आंदोलन के दौरान बलिया में संघर्ष का नेतृत्व स्वर्गीय हरेराम चौधरी ने किया था। उन्होंने बताया कि आपातकाल के समय दोनों साथ में बलिया जेल में भी निरुद्ध रहे। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेद होने के बावजूद हरेराम चौधरी एक सर्वमान्य, सरल और जनप्रिय नेता थे, जिनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
श्रद्धांजलि सभा में अजय बहादुर सिंह, देवेंद्र नाथ त्रिपाठी, संतोष शुक्ल, मुकेश यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए दिवंगत नेता के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को नमन किया।
