बलिया
बलिया में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का शुभारंभ, 39.02 लाख से अधिक पौधे लगाए गए
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने किया पौधरोपण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील
गरीबनाथ महादेव मंदिर परिसर से शुरू हुआ महाअभियान, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने भी लगाए पौधे
बलिया। विकास खंड दुबहड़ के ग्राम विशुनपुरा (प्रतापपुर कला) स्थित श्री गरीबनाथ महादेव मंदिर परिसर में रविवार को ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ का भव्य शुभारंभ किया गया। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की और लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अवश्य लगाने की अपील की।
परिवहन मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेशभर में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में बलिया जनपद में 39 लाख 2 हजार 300 पौधों का रोपण किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं और एक्सप्रेसवे निर्माण के दौरान जिन वृक्षों की कटाई होती है, उनकी भरपाई के लिए सरकार दोगुने पौधे लगाने का कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जन-आंदोलन बताते हुए उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा तथा वन विभाग के नोडल अधिकारी नीतीश कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों ने भी पौधरोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।
समारोह के अंत में वन विभाग की ओर से अतिथियों को स्मृति चिन्ह एवं पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया तथा सभी ने पौधों के संरक्षण और हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया।
