गाजीपुर
मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना से कमजोर विद्यार्थियों को मिल रही उच्च शिक्षा की नई राह
डॉ. वसीम रज़ा अंसारी के नेतृत्व में जीरो ट्यूशन फीस पर शिक्षा का अभियान, कई विद्यार्थियों को मिला कॉलेज आवंटन**
बहरियाबाद (गाजीपुर)। आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना के माध्यम से देशभर में निःशुल्क उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने का अभियान लगातार विस्तार पा रहा है। समाजसेवी एवं राष्ट्रीय मानवाधिकार एण्ड एंटी करप्शन मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. वसीम रज़ा अंसारी के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से यह पहल विद्यार्थियों के लिए नई उम्मीद बनकर उभरी है।
योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों को देश के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जीरो ट्यूशन फीस पर उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके लिए विभिन्न राज्यों और मंडलों में समन्वयकों की टीम विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर रही है। पश्चिम उत्तर प्रदेश में प्रदेश उपाध्यक्ष मो. फैजान, जबकि वाराणसी मंडल एवं आसपास के जिलों में राष्ट्रीय सलाहकार मुस्ताक अहमद, राष्ट्रीय मुख्य सचिव एडवोकेट एहसान अहमद, मंडल प्रभारी एवं गाजीपुर जिलाध्यक्ष हाजी डॉ. इश्तियाक अहमद तथा मंडल सचिव नोमान अंसारी विद्यार्थियों को योजना से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं।
रोजमाईन चैरिटेबल ट्रस्ट, पटना, सोशल वेलफेयर ट्रस्ट, दिलदारनगर तथा इस्लामिया एजुकेशनल सोसाइटी, दिलदारनगर के संयुक्त सहयोग से संचालित इस योजना के अंतर्गत उत्तर प्रदेश के कई विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी है। भदोही, गाजीपुर, वाराणसी सहित विभिन्न जनपदों के दर्जनों विद्यार्थियों को विभिन्न उच्च शिक्षण संस्थानों में प्रवेश और कॉलेज आवंटित किए गए हैं।
इस अवसर पर आयोजित बैठक में डॉ. वसीम रज़ा अंसारी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक विद्यार्थी का अधिकार है और आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा के मार्ग में बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना का उद्देश्य ऐसे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपने सपनों को पूरा नहीं कर पाते।
उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने तथा समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने मिशन संकल्प स्कॉलरशिप योजना को शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय सामाजिक पहल बताते हुए इसकी प्रशंसा की। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने राष्ट्रीय मानवाधिकार एण्ड एंटी करप्शन मिशन, रोजमाईन चैरिटेबल ट्रस्ट, सोशल वेलफेयर ट्रस्ट, इस्लामिया एजुकेशनल सोसाइटी तथा सभी सहयोगी संस्थाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
