गाजीपुर
बहरियाबाद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू
आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर किया जागरूक
डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया और डायरिया से बचाव के लिए ग्रामीणों को दी जा रही जानकारी, मुफ्त जांच व इलाज की अपील
बहरियाबाद (गाजीपुर)। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर बहरियाबाद एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत कर दी गई है। अभियान के तहत आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां घर-घर जाकर ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दे रही हैं।
आशा कार्यकर्ता सरवरी खातून, हसीना खातून, नासिरा खातून, मीरा, सुषमा, तारा और राजमति सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, दिमागी बुखार, डायरिया और अन्य संक्रामक रोगों के लक्षण एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर रहे हैं। साथ ही बुखार के मरीजों, कुपोषित बच्चों तथा संक्रामक रोगों के लक्षण वाले लोगों की पहचान कर उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श दिया जा रहा है।
स्वच्छता और मच्छर नियंत्रण पर विशेष जोर
अभियान के तहत गांवों में जलभराव रोकने, नालियों की सफाई कराने, फॉगिंग एवं एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके साथ ही क्लोरीन की गोलियों का वितरण कर लोगों को पानी उबालकर पीने की सलाह दी जा रही है, ताकि दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों जैसे डायरिया और टाइफाइड की रोकथाम की जा सके।
आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां स्कूलों और समुदाय स्तर पर भी लोगों को घर और आसपास साफ-सफाई रखने, पानी जमा न होने देने, पूरी आस्तीन के कपड़े पहनने तथा रात में मच्छरदानी का प्रयोग करने के लिए प्रेरित कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि तेज बुखार, सिरदर्द, उल्टी या दस्त जैसी समस्या होने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तुरंत नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं। विभाग के अनुसार सरकारी अस्पतालों में इन रोगों की जांच एवं उपचार निःशुल्क उपलब्ध है।
