गाजीपुर
रामपुर मांझा पुलिस ने चोरी की स्प्लेंडर बाइक के साथ आरोपी को किया गिरफ्तार
चेकिंग के दौरान भागने का किया प्रयास, बुड़ऊ मंदिर चौराहे के पास दबोचा; बीएनएस की धाराओं में भेजा गया जेल
देवकली (गाजीपुर)। रामपुर मांझा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग अभियान के दौरान चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने आरोपी को बुड़ऊ मंदिर चौराहा, चकेरी-रद्दीपुर मार्ग के पास से पकड़ा।
थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को लंबे समय से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह की गतिविधियों की सूचना मुखबिरों के माध्यम से मिल रही थी। इसी के मद्देनजर क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था।
इसी दौरान पुलिस ने एक स्प्लेंडर बाइक सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने वाहन की गति बढ़ाकर भागने का प्रयास किया। तत्काल कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक मोतीलाल यादव ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान नितेश यादव उर्फ सोनू, पुत्र चंद्रकांत यादव, निवासी मटखन्ना के रूप में हुई। उसके कब्जे से चोरी की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोतीलाल यादव, कांस्टेबल विवेक कुमार, प्रदीप कुमार और सौरभ कुमार शामिल रहे।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) एवं 318(2) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
थाना प्रभारी कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे।
