गाजीपुर
पानी से भरी बाल्टी में डूबने से 15 माह के मासूम की मौत
परिवार में मचा कोहराम
खेलते-खेलते बाथरूम पहुंचा था विवान, परिजनों ने निजी अस्पताल पहुंचाया, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
मुहम्मदाबाद (गाजीपुर)। नगर क्षेत्र के यूसुफपुर गंज मोहल्ले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसे में पानी से भरी बाल्टी में डूबने से 15 माह के मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, यूसुफपुर गंज निवासी पवन जायसवाल का 15 माह का पुत्र विवान शुक्रवार रात घर में खेल रहा था। उस समय घर के बड़े बच्चे पढ़ाई में व्यस्त थे और महिलाएं रसोई के काम में लगी थीं। इसी दौरान खेलते-खेलते विवान बाथरूम तक पहुंच गया, जहां पानी से भरी बाल्टी रखी थी। आशंका है कि संतुलन बिगड़ने से वह बाल्टी में गिर गया और बाहर नहीं निकल सका।
कुछ देर बाद जब परिजनों को विवान दिखाई नहीं दिया तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद वह बाथरूम में पानी से भरी बाल्टी में अचेत अवस्था में मिला। परिजन तत्काल उसे पड़ोसियों की मदद से एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मुंबई से घर लौट रहे पिता
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। विवान दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मां हेमलता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, मुंबई में निजी नौकरी कर रहे पिता पवन जायसवाल घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल घर के लिए रवाना हो गए।
मोहल्ले में शोक, अभिभावकों के लिए चेतावनी
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे यूसुफपुर गंज मोहल्ले में शोक का माहौल है। यह हादसा छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों के लिए भी गंभीर चेतावनी है। विशेषज्ञों के अनुसार घर में पानी से भरी बाल्टी, टब या अन्य बर्तनों को बच्चों की पहुंच से दूर रखना चाहिए, क्योंकि थोड़ी सी असावधानी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
