मिर्ज़ापुर
मीरजापुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशे के साथ किया स्वागत
जिला कार्यसमिति बैठक में संगठन मजबूती और आगामी कार्यक्रमों पर मंथन, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान
पंकज चौधरी बोले— संगठन ही भाजपा की शक्ति, कार्यकर्ताओं के दम पर 2027 में बनाएंगे नया रिकॉर्ड
मीरजापुर। भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के प्रथम मीरजापुर आगमन पर गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय पं. दीनदयालपुरम कॉलोनी, बरौधा कचार में भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-ताशे के साथ प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
स्वागत कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जिला कार्यालय स्थित प्रेस सभागार में मीडिया संवाद किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार द्वारा संचालित विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। मीडिया संवाद का संचालन जिला मीडिया प्रभारी पं. भावेश शर्मा ने किया।
इसके बाद भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों, आगामी कार्यक्रमों तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
कार्यसमिति बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने को लेकर चर्चा की। इसके पश्चात जनप्रतिनिधि बैठक आयोजित हुई, जिसमें विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष को दी।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा, “संगठन ही हमारी शक्ति है। कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। मीरजापुर के कार्यकर्ता आने वाले 2027 में भी पार्टी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे और भाजपा 2017 के अपने रिकॉर्ड को स्वयं तोड़ेगी।”
इसके बाद बृजधाम लॉन के सभागार में प्रबुद्ध संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने बृजधाम परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल एवं काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री स्वामीनाथ सिंह ने किया।
इस अवसर पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष बृजभूषण सिंह, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, एमएलसी श्याम नारायण सिंह, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, चुनार विधायक अनुराग सिंह, विधायक शुचिस्मिता मौर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कन्नौजिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
