भदोही
एक ही रात दो घरों में चोरी, लाखों के गहने और नकदी लेकर फरार हुए चोर
दरवाजे बाहर से बंद कर बक्से और आलमारी तोड़ी, छत के रास्ते दूसरे मकान को भी बनाया निशाना
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
भदोही। गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के चकमानधाता हरदेवपुर गांव में बुधवार देर रात चोरों ने एक ही रात दो मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
पीड़ित चंद्र कुमार पांडेय पुत्र राजकुमार पांडेय के अनुसार घटना रात करीब एक से दो बजे के बीच की है। उनके पिता राजकुमार पांडेय बाथरूम जाने के लिए बाहर निकले थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस आए। चोरों ने चंद्र कुमार के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और घर में रखे बक्से, अटैची तथा आलमारी के ताले तोड़ दिए।
पीड़ित के मुताबिक चोर आलमारी से सोने का हार, चैन, दो जोड़ी कमरबंद, नथिया, पैजनी तथा छह सोने की अंगूठियां चोरी कर ले गए। वारदात के बाद चोर छत पर पहुंचे और खाली डिब्बे वहीं फेंक दिए।
इसके बाद चोर पड़ोसी रमेश कुमार पांडेय के मकान की छत पर पहुंचे और वहां भी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर वहां से पांच हजार रुपये नकद और चांदी की पायल लेकर पीछे के रास्ते से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी और गोपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही स्थानीय आसूचना तंत्र को भी सक्रिय कर दिया गया है।
पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर शीघ्र खुलासे और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
