बलिया
सेंट्रल बैंक शाखा की कार्यप्रणाली पर ग्राहकों ने उठाए सवाल, अव्यवस्था से उपभोक्ता परेशान
स्टेटमेंट नहीं मिलने का आरोप, मशीन खराब होने से बढ़ी दिक्कत; बैंक प्रबंधन से सुधार की मांग
सिकंदरपुर (बलिया)। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सिकंदरपुर शाखा की कार्यप्रणाली को लेकर ग्राहकों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कुछ उपभोक्ताओं ने बैंक में पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिलने, कर्मचारियों द्वारा संतोषजनक जानकारी न दिए जाने तथा अव्यवस्था का आरोप लगाया है।
सोमवार को खाताधारक इमरान खान ने आरोप लगाया कि वह अपना बैंक स्टेटमेंट प्राप्त करने शाखा पहुंचे थे। उनके अनुसार, काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने उन्हें एटीएम परिसर में लगी स्टेटमेंट प्रिंटिंग मशीन से प्रिंट निकालने के लिए भेजा, लेकिन वहां पहुंचने पर मशीन बंद मिली। दोबारा पूछने पर उन्हें बताया गया कि मशीन खराब है।
ग्राहक का आरोप है कि मशीन पहले से खराब होने के बावजूद उन्हें वहां भेजा गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि मोबाइल पर स्टेटमेंट उपलब्ध कराने का अनुरोध भी स्वीकार नहीं किया गया।
पीड़ित का कहना है कि शाखा में इस प्रकार की समस्याओं का सामना कई उपभोक्ताओं को करना पड़ता है, जिससे उन्हें अनावश्यक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने बैंक प्रबंधन से सेवाओं में सुधार और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
वहीं, इस संबंध में बैंक प्रबंधक का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।
