बलिया
बलिया में शिक्षकों को मिले कैशलेस चिकित्सा कार्ड, छात्रों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने वितरित किए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रमाणपत्र
बलिया। गंगा बहुद्देशीय सभागार में बुधवार को आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना तथा छात्र-छात्राओं के लिए डीबीटी सहायता राशि वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से लगभग 1.10 करोड़ छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री के लिए ₹1,200 प्रति छात्र की दर से डीबीटी के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत प्रदेश के 12 लाख शिक्षकों एवं उनके परिजनों को ₹5 लाख तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसी योजना के अंतर्गत बलिया के 20 शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए गए।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर उनके हितों का भी ध्यान रखा जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तीन लाभार्थियों को आवास स्वीकृति पत्र, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत पांच स्वरोजगारियों को टूलकिट तथा पांच पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ओजस्वी राज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
