बलिया
हिनौती में 1.31 करोड़ की लागत से बना आधुनिक बीज-कीटनाशक गोदाम
किसानों को अब नहीं लगाने पड़ेंगे जिला मुख्यालय के चक्कर, गोदाम में मिलेगा उन्नत बीज व कृषि प्रशिक्षण की सुविधा
दो मंजिला परिसर में वैज्ञानिक मानकों वाला गोदाम और आधुनिक किसान ट्रेनिंग सेंटर तैयार
पड़री (मीरजापुर)। किसानों को बेहतर कृषि संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए पहाड़ी विकास खंड के हिनौती ग्राम सभा में नवनिर्मित आधुनिक बीज एवं कीटनाशक गोदाम का उद्घाटन किया गया। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने मंगलवार को एक करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से बने इस अत्याधुनिक परिसर का फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा तैयार किया गया यह दो मंजिला भवन ग्रामीण कृषि व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से बनाया गया है। परिसर के निचले तल पर वैज्ञानिक मानकों के अनुरूप बीज एवं कीटनाशक भंडारण की व्यवस्था की गई है, जबकि ऊपरी तल पर किसानों के प्रशिक्षण के लिए आधुनिक किसान हॉल तैयार किया गया है।
किसानों तक आधुनिक तकनीक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता: कृषि मंत्री
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों के खेत तक उन्नत तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज और आधुनिक कृषि संसाधन पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि हिनौती में बना यह केंद्र क्षेत्र के किसानों के लिए कृषि विकास का बड़ा माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि अब किसानों को प्रमाणित बीज और कीटनाशक लेने के लिए दूर-दराज के केंद्रों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इस केंद्र के माध्यम से किसानों को समय पर कृषि निवेश उपलब्ध होंगे और उनकी खेती को नई दिशा मिलेगी।
कृषि मंत्री ने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिया कि गोदाम में बीज और कीटनाशकों की आपूर्ति व वितरण व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और डिजिटल रखी जाए, ताकि प्रत्येक पात्र किसान को समय पर लाभ मिल सके।
आधुनिक गोदाम से किसानों की लागत होगी कम: विधायक रमाशंकर सिंह पटेल
कार्यक्रम में मौजूद मड़िहान विधायक एवं पूर्व ऊर्जा राज्यमंत्री रमाशंकर सिंह पटेल ने कहा कि हिनौती में यह आधुनिक सुविधा क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी सौगात है। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को कृषि सामग्री के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती थी।
उन्होंने कहा कि अब इस केंद्र के शुरू होने से किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, जैविक खेती और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी भी मिलेगी। यह परियोजना क्षेत्र के कृषि विकास में मील का पत्थर साबित होगी।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में मझवा विधायक सुचिश्मिता मौर्य, पहाड़ी ब्लॉक प्रमुख इंद्र बहादुर पांडेय, वरिष्ठ नेता अशोक मौर्या, सुरेंद्र तिवारी, आशीष दुबे, प्रधान संघ अध्यक्ष ब्यास जी बिंद एडवोकेट सहित कई जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।
हिनौती ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रामसिंह राणा, रामदेव सरोज, अनिल मौर्या, पिंटू सिंह, सुधाकर सिंह और राकेश सिंह समेत बड़ी संख्या में किसानों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
खरीफ और रबी सीजन में किसानों को मिलेगा सीधा लाभ
जिला कृषि अधिकारी अवधेश कुमार यादव ने बताया कि इस केंद्र के संचालन की पूरी व्यवस्था तैयार कर ली गई है। इससे खरीफ और रबी दोनों सीजन में आसपास के दर्जनों गांवों के किसानों को समय पर बीज, कीटनाशक और अन्य कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉरपोरेशन के सहायक परियोजना प्रबंधक सूर्यजीत सिंह ने बताया कि भवन को वैज्ञानिक मानकों के अनुसार तैयार किया गया है। गोदाम को वाटरप्रूफ बनाया गया है, जिससे बीज और कीटनाशक सुरक्षित रहेंगे।
आधुनिक बीज गोदाम और किसान प्रशिक्षण केंद्र शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में उत्साह है। किसानों का कहना है कि अब गांव के नजदीक ही कृषि सुविधाएं मिलने से खेती को नई गति मिलेगी।
