वाराणसी
एकनाथ शिंदे के स्वास्थ्य लाभ के लिए काशी में हुए धार्मिक अनुष्ठान
विभिन्न मंदिरों में महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई
वाराणसी।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर काशी के विभिन्न मंदिरों में दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार, महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजा-अर्चना कर उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की प्रार्थना की गई।
चिंतामणि गणेश मंदिर में हुई विशेष पूजा
आदिनाथ संप्रदाय के पीठाधीश्वर जगतगुरु कल्किराम महाराज की प्रेरणा से नासिक जिला शिवसेना संगठन प्रमुख योगेश लक्ष्मण मस्के ने धार्मिक अनुष्ठानों का संकल्प लिया।
काशी के प्रसिद्ध चिंतामणि गणेश मंदिर में महंत चेल्ला सुब्बा राव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा कर एकनाथ शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। वहीं वैदिक विद्वान चंद्रशेखर घनपाठी ने दीर्घायु मंत्रों का उच्चारण करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
महामृत्युंजय मंदिर में सवा लाख जाप
महामृत्युंजय मंदिर में ज्योतिषाचार्य एवं कथावाचक पंडित प्रकाश मिश्र के नेतृत्व में 11 वैदिक ब्राह्मणों ने सवा लाख महामृत्युंजय मंत्रों का जाप किया। अनुष्ठान के दौरान एकनाथ शिंदे के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना की गई।
विजय नावड ने किया संयोजन
सभी धार्मिक अनुष्ठानों का संयोजन चक्रवर्ती विजय नावड ने किया। कार्यक्रम में श्रद्धालु एवं शिवसेना से जुड़े कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
