गाजीपुर
एसडीएम ज्योति चौरसिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ संपूर्ण समाधान दिवस
डीएम की अनुपस्थिति से फरियादियों में दिखी मायूसी, घंटों इंतजार के बाद कई लौटे वापस
एसडीएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
सैदपुर (अजय मिश्रा)। सैदपुर तहसील में सोमवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। हालांकि जिलाधिकारी की अनुपस्थिति से बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों में निराशा देखने को मिली।
सुबह से ही तहसील परिसर में विभिन्न समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। कई फरियादी इस उम्मीद में घंटों इंतजार करते रहे कि जिलाधिकारी स्वयं उनकी शिकायतें सुनेंगे और उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश देंगे। लेकिन किसी कारणवश जिलाधिकारी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
भीषण गर्मी और उमस के बीच लंबे इंतजार के बाद कई फरियादी मायूस होकर वापस लौट गए। उनका कहना था कि वे अपनी समस्याओं को सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखना चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी ज्योति चौरसिया ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी की अनुपस्थिति के संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई। वहीं, फरियादियों ने भविष्य में संपूर्ण समाधान दिवस पर जिलाधिकारी की उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने की अपेक्षा जताई।
