गाजीपुर
बहरियाबाद पुलिस ने अवैध तमंचा व कारतूस के साथ युवक को किया गिरफ्तार
हुरमुजपुर हाल्ट के पास चेकिंग के दौरान कार्रवाई, आरोपी पर पहले से भी कई मुकदमे दर्ज
गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बहरियाबाद थाना पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार को उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार गोंड अपनी टीम के साथ हुरमुजपुर हाल्ट के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर वृन्दावन-ओडासन मार्ग पुलिया के पास से राकेश राम पुत्र हरिश्चन्द्र निवासी मीरपुर, थाना बहरियाबाद, जनपद गाजीपुर (उम्र करीब 22 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा तथा एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चोरी, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार गोंड एवं थाना बहरियाबाद की पुलिस टीम शामिल रही।
