बलिया
बंद मकान से 27 लाख के आभूषण चोरी, तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं
छत की ग्रिल उखाड़कर घर में घुसे चोर, तीन कमरों की अलमारियां तोड़कर समेटे जेवरात
पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, जांच के बाद कार्रवाई की बात कह रही पुलिस
बैरिया (बलिया)। बैरिया थाना क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा के पास स्थित एक बंद मकान में चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर करीब 27 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। घटना के तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज न होने से पीड़ित परिवार में नाराजगी और असुरक्षा की भावना है।
पीड़ित जयप्रकाश गुप्त ने बताया कि उनका परिवार दिल्ली में रहता है। 22 से 30 जून के बीच किसी समय चोरों ने मकान की छत की ग्रिल और सीढ़ी का दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। इसके बाद तीन कमरों की अलमारियों के ताले तोड़कर उनकी बहन, पत्नी और बच्चों के कीमती जेवरात चोरी कर लिए।
उन्होंने बताया कि उनके भाई राजू गुप्ता के आगरा से लौटने के बाद उनके कमरे का भी आकलन किया जाएगा, जिससे चोरी की कुल राशि और बढ़ सकती है।
पीड़ित ने 3 जुलाई को बैरिया चौकी में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि पुलिस की धीमी कार्रवाई से वे भय और असमंजस की स्थिति में हैं।
वहीं, चौकी प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
