Connect with us

वाराणसी

अखिलेंद्र मिश्रा ने काशी विश्वनाथ और काल भैरव के किए दर्शन

Published

on

Loading...
Loading...

वाराणसी। बॉलीवुड के अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा इन दिनों काशी की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। ‘चंद्रकांता’ में क्रूर सिंह के किरदार से पहचान बनाने वाले अभिनेता ने करीब 48 घंटे वाराणसी में बिताए और इस दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों पर दर्शन-पूजन किया।

उन्होंने काशी विश्वनाथ मंदिर में विधि-विधान से दर्शन किए और लगभग एक घंटे तक मंदिर परिसर में बैठकर शिव स्तुति का पाठ किया। इसके बाद वह काल भैरव मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा काल भैरव का आशीर्वाद लिया। उनकी इस यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भी खासा उत्साह देखने को मिला।

अभिनेता ने बताया कि वह काशी में आध्यात्मिक शांति की तलाश में आए थे और यहां आकर उन्हें अद्भुत सुकून का अनुभव हुआ। उनके अनुसार, यह यात्रा उनके लिए बेहद विशेष रही और काशी का वातावरण मन को गहराई से स्पर्श करने वाला है।

काशी प्रवास के दौरान उन्होंने शहर की गलियों में भी भ्रमण किया और बदलते स्वरूप की सराहना की। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में शहर में कई सकारात्मक परिवर्तन हुए हैं और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं पहले की अपेक्षा बेहतर हुई हैं। साफ-सफाई, व्यवस्थाओं और सुगम दर्शन प्रणाली की भी उन्होंने प्रशंसा की।

Advertisement

अपने अभिनय करियर पर बात करते हुए अखिलेंद्र मिश्रा ने बताया कि उनकी शुरुआत बचपन से ही हो गई थी। गांव में दुर्गा पूजा के दौरान आयोजित नाटकों में वह भाग लिया करते थे। एक नाटक में छोटे बच्चे की भूमिका के लिए चयनित होना उनके लिए खास अनुभव रहा। उस समय गांव में बिजली नहीं थी और लालटेन की रोशनी में ही नाटकों की तैयारी होती थी। उन्होंने कहा कि यही अनुभव उन्हें अभिनय से जोड़ गया और तब से वह निरंतर इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।

इस बीच उन्होंने गंगा आरती का भी आनंद लिया और लगभग चार मिनट 42 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें वह एक छत से आरती देखते नजर आ रहे हैं। वीडियो के अंत में उन्होंने “हर-हर महादेव” का उद्घोष भी किया।

अभिनेता अखिलेंद्र मिश्रा का परिचय


अखिलेंद्र मिश्रा का जन्म 28 सितंबर 1960 को हुआ।भारतीय सिनेमा और टेलीविजन के एक अनुभवी चरित्र अभिनेता हैं, जो मुख्य रूप से दूरदर्शन के धारावाहिक ‘चंद्रकांता’ में क्रूर सिंह (तकिया कलाम: “यक्कू”) के रूप में घर-घर लोकप्रिय हुए। बिहार के सिवान में जन्मे, उन्होंने तीन दशकों से अधिक के करियर में ‘लगान’, ‘सरफरोश’ और ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’, गंगाजल जैसी प्रतिष्ठित फिल्मों में अभिनय किया है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page