वाराणसी
ट्रेन से गिरकर युवक की मौत
वाराणसी। जिले के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र स्थित बहेड़वा हाल्ट के समीप बुधवार सुबह एक युवक की ट्रेन से गिरने के कारण मौत हो गई। बताया गया कि वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही ट्रेन से युवक प्लेटफॉर्म पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही जान चली गई। मृतक की पहचान 21 वर्षीय लवकुश पुत्र ज्ञानचंद, निवासी रामपहरी, थाना म्योरपुर, जिला सोनभद्र के रूप में हुई है।
घटना की जानकारी बहेड़वा के ग्राम प्रधान संजय कुमार द्वारा डायल 112 और रेलवे को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के पास मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसकी पहचान सुनिश्चित की।

सूचना दिए जाने के बावजूद करीब डेढ़ घंटे तक रेलवे या जीआरपी का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके चलते शव घटनास्थल पर ही पड़ा रहा। परिजनों के अनुसार लवकुश अपने माता-पिता की तीन बेटियों के बीच इकलौता पुत्र था और वह रोजगार की तलाश में घर से निकला था। उसके पिता ज्ञानचंद पेशे से राजगीर मिस्त्री हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके के लिए रवाना हो गए।
खजुरी चौकी प्रभारी गणेश पटेल ने बताया कि रेलवे के नियमों के तहत 200 मीटर के दायरे में होने वाली घटनाएं रेलवे के अधिकार क्षेत्र में आती हैं, इसी कारण संबंधित विभाग की टीम का इंतजार किया जा रहा था।
