खेल
PBKS vs RR: राजस्थान की दमदार जीत, पंजाब का अजेय अभियान थमा
मुल्लांपुर। आईपीएल (IPL) के मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स को छह विकेट से हराकर उनके विजय क्रम पर विराम लगा दिया। घरेलू मैदान पर खेले गए इस मैच में पंजाब को पहली बार हार का सामना करना पड़ा।

पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 222 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से मार्कस स्टोइनिस ने 22 गेंदों में चार चौकों और छह छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन बनाए, जबकि प्रभसिमरन सिंह ने 44 गेंदों पर 59 रन की पारी खेली। कूपर कोनोली और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 30-30 रन का योगदान दिया, वहीं प्रियांश आर्या ने 29 रन बनाए। राजस्थान के लिए यश राज पुंजा ने दो विकेट हासिल किए, जबकि जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर को एक-एक सफलता मिली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत आक्रामक रही। वैभव सूर्यवंशी ने 16 गेंदों में 43 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, हालांकि वह अर्धशतक से चूक गए। इसके बाद यशस्वी जायसवाल ने 27 गेंदों में 51 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूती दी। ध्रुव जुरेल ने 16 रन बनाए, जबकि कप्तान रियान पराग 29 रन बनाकर आउट हुए।

मध्यक्रम में डोनोवान फरेरा और इम्पैक्ट प्लेयर शुभम दुबे ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 77 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। फरेरा ने 26 गेंदों में छह चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 52 रन बनाए, जबकि शुभम ने 12 गेंदों पर 31 रन की तेज पारी खेली। राजस्थान ने 19.2 ओवर में चार विकेट पर 228 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।

पंजाब (Punjab Kings) की ओर से युजवेंद्र चहल ने तीन विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह को एक विकेट मिला। इस हार के बावजूद पंजाब किंग्स आठ मैचों में 13 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है। वहीं, राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) नौ मैचों में 12 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर पहुंच गई है।
