गोरखपुर
स्कॉर्पियो और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में तीन युवकों की मौत
गोरखपुर (गोला बाजार)। गोला थाना क्षेत्र के भर्रोह स्थित रामजानकी मार्ग पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और राशन से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच हुई टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर-ट्रॉली राशन सामग्री लेकर जा रही थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों की पहचान ग्राम कोहडी निवासी प्रसून यादव उर्फ अंकुर पुत्र दिनेश यादव, कुणाल यादव पुत्र देवेंद्र यादव तथा अजय यादव पुत्र रविंद यादव के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 18 से 21 वर्ष के बीच बताई गई है। वहीं स्कॉर्पियो वाहन पुष्कर यादव गोला का बताया गया है।
सूचना मिलने पर गोला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और गंभीर रूप से घायल युवक को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया, जहां रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को प्रमुख कारण माना जा रहा है। साथ ही यह भी आशंका जताई गई है कि रात के समय कम दृश्यता और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पर्याप्त रिफ्लेक्टर या लाइटिंग न होने के कारण हादसा हुआ हो सकता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि रामजानकी मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन चलते हैं, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर सख्त यातायात नियंत्रण, गति सीमा लागू करने और रात में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने, गति सीमा का पालन करने और विशेषकर रात के समय सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों को वाहनों पर रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
