Connect with us

वाराणसी

प्रधानमंत्री आगमन से पहले शहर में लागू होगा व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन

Published

on

Loading...
Loading...

वीवीआईपी मूवमेंट के चलते शहर में बसों और भारी वाहनों के रूट में बड़ा बदलाव

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए वाराणसी में दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। यातायात प्रशासन ने शहर में सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए बसों, चार पहिया और मालवाहक वाहनों के संचालन में कई बदलाव किए हैं और आमजन से सहयोग की अपील की है।

प्रयागराज, सोनभद्र और मीरजापुर की ओर से आने वाली बसों को मोहनसराय अंडरपास से मुड़ैला तिराहा तक ही आने की अनुमति होगी। जौनपुर की ओर से आने वाली बसें हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक संचालित होंगी और उन्हें काशी कृषक इंटर कॉलेज में पार्क किया जाएगा, जबकि हरहुआ ओवरब्रिज पर इनका प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। गाजीपुर और आजमगढ़ की दिशा से आने वाली बसों को आजमगढ़ रिंग रोड अंडरपास तक ही रोका जाएगा और वहीं से वापस भेजा जाएगा। इसके अलावा अमरा अखरी अंडरपास और चांदपुर चौराहा से सामान्य बसों को कार्यक्रम स्थल की ओर जाने से रोकते हुए वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा।

चार पहिया और मालवाहक वाहनों के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। प्रधानमंत्री के आगमन से दो घंटे पूर्व बाबतपुर चौकी तिराहा से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद कर दिया जाएगा और उन्हें बड़ागांव की ओर मोड़ा जाएगा। भेलखा हनुमान मंदिर, मुड़ैला तिराहा, चांदपुर, बऊलिया, लहरतारा, महमूरगंज, भिखारीपुर, नरिया, चितईपुर, सेंट्रल जेल, भोजूबीर और काली माता मंदिर सहित कई प्रमुख चौराहों पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा तथा इन्हें वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।

बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में भी विशेष सख्ती बरती जाएगी। परिसर के भीतर सिनेमा हॉल तिराहा, सेंट्रल मार्केट, सूर्य सरोवर, डी-05 रेलवे क्रॉसिंग, गोमती मार्केट और इंटर कॉलेज चौराहा समेत कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी और कार्यक्रम स्थल की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।

Advertisement

ट्रैफिक संबंधी किसी भी असुविधा की स्थिति में लोग हेल्पलाइन नंबर 7839856994 और 7317202020 पर संपर्क कर सकते हैं।

प्रधानमंत्री के दौरे के दूसरे दिन 29 अप्रैल को भी सुबह छह बजे से दिन में 10 बजे तक शहर में व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्रभावी रहेगा। यातायात पुलिस ने सुरक्षा और सुचारु आवागमन को ध्यान में रखते हुए बसों, भारी वाहनों, चार पहिया, ऑटो और ई-रिक्शा के लिए विशेष रूट प्लान जारी किया है। एडीसीपी अंशुमान मिश्र ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकता होने पर ही वीवीआईपी मूवमेंट वाले क्षेत्रों में जाएं और निर्धारित डायवर्जन का पालन करें।

29 अप्रैल को वीवीआईपी आगमन से दो घंटे पूर्व बाबतपुर चौकी तिराहा से सभी भारी वाहनों और रोडवेज तथा निजी बसों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें बड़ागांव की ओर मोड़ा जाएगा। बाबतपुर से हरहुआ के बीच बसों और भारी वाहनों को हरहुआ रिंग रोड से परमपुर अंडरपास होते हुए लोहता की ओर भेजा जाएगा, जबकि हरहुआ ओवरब्रिज पर इनका प्रवेश बंद रहेगा। अमरा अखरी अंडरपास से बसों को भिखारीपुर की ओर नहीं जाने दिया जाएगा और उन्हें मोहनसराय व डाफी की ओर डायवर्ट किया जाएगा। चांदपुर और बउलिया से भी बसों को फुलवरिया की दिशा में जाने पर रोक रहेगी। इसके अतिरिक्त पड़ाव से राजघाट की ओर मालवाहक वाहनों का संचालन सुबह छह से दस बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा।

शहर के भेलखा हनुमान मंदिर, मुड़ैला, चांदपुर, बउलिया, मंडुवाडीह, लहरतारा, महमूरगंज, रथयात्रा, भिखारीपुर, नरिया, चितईपुर, काली माता मंदिर, लकड़ीमंडी, मरीमाई, मलदहिया, पिशाचमोचन, चेतगंज, अमर उजाला, विशेश्वरगंज, मच्छोदरी, भदऊ चुंगी, गोदौलिया और सोनारपुरा समेत अनेक प्रमुख चौराहों पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।

बीएलडब्ल्यू क्षेत्र में भी पूर्ववत सख्ती लागू रहेगी, जहां सिनेमा हॉल तिराहा, सेंट्रल मार्केट, सूर्य सरोवर, डी-05 रेलवे क्रॉसिंग, गोमती मार्केट और इंटर कॉलेज चौराहा सहित कई स्थानों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। कार्यक्रम स्थल की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page