Connect with us

गोरखपुर

छिनैती मामले में दो आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। जनपद में बढ़ते अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत थाना कैण्ट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने छिनैती की वारदात का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से छिनैती के 70,000 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गिरीश मिश्रा समेत अन्य अधिकारियों की अहम भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान लालजी निषाद निवासी बेलघाट, गोरखपुर और राजेंद्र प्रसाद निवासी धनघटा, संतकबीरनगर के रूप में हुई है। दोनों को थाना कैण्ट में दर्ज मुकदमा संख्या 168/2026 के तहत गिरफ्तार किया गया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) की बढ़ोत्तरी भी की गई है।

घटना 9 अप्रैल 2026 की है, जब बिहार के सिवान निवासी पीड़ित गोरखपुर के पाण्डेयहाता मार्केट में काम निपटाकर ई-रिक्शा से रेलवे स्टेशन जा रहे थे। रास्ते में लघुशंका के लिए जैसे ही वह उतरे, तभी पीछे से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश उनका बैग छीनकर फरार हो गए। बैग में 2.70 लाख रुपये और मोबाइल फोन रखा था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने सटीक सुराग जुटाते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि बरामद रकम 70 हजार रुपये ही मिल सकी है, बाकी रकम के संबंध में पूछताछ जारी है।

Advertisement

गिरफ्तार अभियुक्त लालजी निषाद का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत दर्जनों संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, जो उसे एक शातिर अपराधी साबित करते हैं। वहीं दूसरे अभियुक्त राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ भी इस मामले में कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्हें न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page