वायरल
जनेऊ संस्कार समारोह में 192 बटुकों का हुआ उपनयन
मऊ। जनपद के विभिन्न ब्लॉकों एवं एक टाउन एरिया क्षेत्र के संयुक्त तत्वावधान में शीतला माता मंदिर परिसर में ब्राह्मण बालकों का सामूहिक जनेऊ (उपनयन) संस्कार भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस दौरान मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच अत्यंत आस्था और श्रद्धा का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।
ब्राह्मण विकास परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में दर्जनों विद्वान ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान से 192 बटुकों का जनेऊ संस्कार कराया गया। कार्यक्रम का संचालन परिषद के संरक्षक डॉ. एस.सी. तिवारी एवं रामजी उपाध्याय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष ऋषिकेश पांडेय, मंत्री संजय त्रिपाठी सहित विभिन्न ब्लॉकों के पदाधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।

समारोह में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से आए सम्मानित विप्र जनों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया। कार्यक्रम के उपरांत लगभग 3000 महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही सभी 192 बटुकों को सम्मानित भी किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें विभिन्न जनपदों के ब्राह्मण समाज का सहयोग मिलता है। इस आयोजन में महिलाओं की विशेष भागीदारी देखने को मिली, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में जनपद की कई प्रमुख हस्तियों को आमंत्रित कर समारोह को भव्य रूप प्रदान किया गया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता का संदेश स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
