शिक्षा
UP Board Result 25 अप्रैल तक जारी होने की संभावना, मूल्यांकन अंतिम चरण में
वाराणसी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य तेजी से जारी है और अब तक यह प्रक्रिया आधे से अधिक पूरी हो चुकी है। मूल्यांकन 18 मार्च से शुरू हुआ था और इसे चार अप्रैल तक समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शेष आठ दिनों में बची हुई कॉपियों की जांच पूरी कर ली जाएगी।
अब तक हाईस्कूल की 1,91,660 और इंटरमीडिएट की 1,78,150 कॉपियों का मूल्यांकन किया जा चुका है। मूल्यांकन के साथ ही संबंधित छात्रों के अंक परिषद की वेबसाइट पर अपलोड भी किए जा रहे हैं। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी समयबद्ध प्रक्रिया को देखते हुए 25 अप्रैल तक परीक्षा परिणाम घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
गौरतलब है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित हुई थीं, जिसमें कुल 90,298 परीक्षार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा समाप्त होने के बाद 18 मार्च से ही कॉपियों की जांच शुरू कर दी गई थी।
जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, जिले में इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कुल 6,21,668 उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए प्राप्त हुई हैं। इसके लिए जिले में चार केंद्र बनाए गए हैं, जहां जांच कार्य चल रहा है। अब तक हाईस्कूल की 1,91,660 और इंटर की 1,78,150 कॉपियां जांची जा चुकी हैं, जबकि शेष आठ दिनों में हाईस्कूल की 1,63,562 और इंटरमीडिएट की 88,296 कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बोर्ड द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर मूल्यांकन कार्य पूरा कर लिया जाएगा और जिन कॉपियों की जांच हो चुकी है, उनके अंक भी वेबसाइट पर अपलोड किए जा चुके हैं। पिछले वर्ष भी मूल्यांकन तय समय पर समाप्त हुआ था और 25 अप्रैल को परिणाम घोषित किए गए थे। इसी क्रम में इस बार भी 25 अप्रैल तक परिणाम जारी होने की पूरी संभावना है।
