गाजीपुर
रेलवे ट्रैक पर पत्नी का शव फेंकने के मामले में पति गिरफ्तार
गाजीपुर (जयदेश)। जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के फुलवारी कलां गांव में विवाहिता की पटरी पर क्षत-विक्षत लाश मिलने के मामले में बुधवार को पुलिस ने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि, भीमापार निवासिनी 27 वर्षीय पुत्री बिंदु यादव की शादी फुलवारी कलां निवासी महेंद्र यादव से हुई थी। सोमवार की तड़के उसकी क्षत-विक्षत लाश रेलवे पटरी पर मिली थी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया था। मृतका के पिता ने पति सहित ससुराल के 9 लोगों पर दहेज के लिए हत्या कर आत्महत्या का रूप देने को शव को पटरी पर फेंकने का आरोप लगाया था।
पुलिस ने पिता की तहरीर पर पति सहित ससुरालियों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही आरोपी पति समेत ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए थे। वही आरोपी पति भागने की फिराक में सैदपुर भितरी रेलवे स्टेशन पर मौजूद था।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। जहां आवश्यक कार्यवाही कर उसे जेल भेज दिया गया है। कोतवाल ने बताया कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
