गोरखपुर
पत्नी और बेटों पर पति की हत्या का आरोप
गोरखपुर। रामगढ़ताल थाना क्षेत्र स्थित काशीराम आवास में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां पत्नी ने अपने बेटों के साथ मिलकर पति की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पुलिस ने पत्नी और एक बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि दूसरा बेटा फरार है।
बताया जा रहा है कि काशीराम आवास निवासी रमेश बेलदर मजदूरी कर जीवनयापन करता था। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे वह शराब के नशे में घर पहुंचा। घर पहुंचते ही किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ता चला गया।
पत्नी गीता बेलदर के अनुसार, रमेश बेलदर रोज शराब पीकर घर आता था और परिवार के लोगों के साथ गाली-गलौज करता था। मंगलवार की रात भी वह नशे की हालत में घर आया और विवाद के दौरान मारपीट करने लगा। इस दौरान जब बेटों ने विरोध किया तो उनके साथ भी अभद्रता की गई।
विवाद के उग्र होने पर गुस्से में आकर पत्नी और बेटों ने डंडे से रमेश बेलदर की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मृतक के दोनों बेटे घर से फरार हो गए थे। बुधवार सुबह पुलिस ने एक बेटे पंकज बेलदर को पकड़ लिया, जबकि दूसरे की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पत्नी गीता बेलदर को भी हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
