Connect with us

गाजीपुर

झोपड़ी में भीषण आग, पूरा घर-सामान जलकर राख; लाखों का नुकसान

Published

on

Loading...
Loading...

दुल्लहपुर (गाजीपुर) जयदेश। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के धर्मातपुर ग्राम सभा में मंगलवार अपराह्न करीब 3 बजे एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां प्रसिद्ध गोंड पुत्र लहरी गोंड की झोपड़ी (मड़ई) में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।

परिजनों के अनुसार, बच्चे स्कूल से लौटे थे और घर में खाने की व्यवस्था नहीं थी। बच्चों के लिए खाना बनाने के उद्देश्य से महिला ने चूल्हा जलाया और चौकी-बेलन लेने के लिए अंदर गई। इसी दौरान अचानक मड़ई में आग भड़क उठी। जब तक महिला वापस लौटी, तब तक आग पूरे घर में फैल चुकी थी।

शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। लेकिन घर गांव से दूर सिवान में होने के कारण मदद पहुंचने में देरी हो गई। जब तक दमकल और ग्रामीण आग पर काबू पाते, तब तक घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।

बताया जा रहा है कि परिवार के तीनों बेटों की शादी हो चुकी है और बहुओं के सभी गहने भी आग की भेंट चढ़ गए। इसके अलावा करीब 40 से 50 हजार रुपये नकद भी जलकर राख हो गए। इतना ही नहीं, खेती में सिंचाई के लिए रखे गए दो डीजल पंप भी पूरी तरह नष्ट हो गए।

Advertisement

हालांकि, ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे आसपास की गेहूं की फसल जलने से बच गई। आग करीब एक घंटे तक धधकती रही, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जैसे ही लोगों को घटना की जानकारी मिली, पीड़ित परिवार के घर पर लोगों का आना-जाना शुरू हो गया। फिलहाल परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है और प्रशासन से सहायता की मांग कर रहा है।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page