गाजीपुर
कैंसर से जंग हार गए बीएसएफ के सहायक निरीक्षक रमाशंकर सिंह यादव
भांवरकोल (गाजीपुर) जयदेश। क्षेत्र की ग्राम पंचायत शाहपुर उर्फ माधोपुर के राजस्व ग्राम मड़ई निवासी सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में सहायक निरीक्षक रमाशंकर सिंह यादव (57) का सोमवार की भोर लगभग तीन, साढ़े तीन बजे पैतृक आवास पर उपचार के दौरान निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे।
सूचना पर पुलिस टीम के साथ पहुंचे उपनिरीक्षक मोरध्वज दुबे ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रमाशंकर सिंह यादव अपने दो भाइयों में बड़े थे। उनके छोटे भाई का नाम भरत सिंह यादव है।
स्वजन के अनुसार, रमाशंकर सिंह यादव वर्ष 1988 में बीएसएफ में भर्ती हुए थे और वर्तमान में पंजाब के अमृतसर में तैनात थे। पिछले डेढ़-दो वर्षों से वह कैंसर से जूझ रहे थे। प्रारंभ में उनका उपचार अमृतसर में चला, जिसके बाद वाराणसी में इलाज शुरू हुआ। इन दिनों उनका उपचार टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल, वाराणसी में चल रहा था।
कुछ समय से वह अपने पैतृक गांव मड़ई स्थित आवास पर रह रहे थे। सोमवार की भोर में उनका निधन हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही गांव में कोहराम मच गया। माता मीरा देवी और पत्नी रिंपी देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
