गोरखपुर
पूर्व विधायक के फलाहार आयोजन में दिखा सेवा और श्रद्धा का संगम
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला उपनगर के वेवरी चौराहे पर स्थित नारायण रिसॉर्ट में रविवार को चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के द्वारा भव्य फलाहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं क्षेत्रीय लोग शामिल हुए और माता रानी के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान व्रतधारियों के लिए विशेष रूप से फलाहार की व्यवस्था की गई, जिसमें फल, मिठाई एवं अन्य सात्विक व्यंजन वितरित किए गए। उपस्थित लोगों ने भक्ति भाव से प्रसाद ग्रहण किया और धार्मिक माहौल का आनंद लिया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक ने कहा कि नवरात्रि का पर्व हमें संयम, श्रद्धा और सेवा की भावना का संदेश देता है। ऐसे आयोजन समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में प्रमोद दुबे , गुड्डू राय , राघवेंद्र दुबे , कैलाश दुबे , समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता गण और अशोक कुमार पांडेय, उर्फ कोल पांडेय सहित क्षेत्र के गणमान्य लोग, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक भी मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
