गोरखपुर
कलशयात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा पुराण का हुआ शुभारंभ
हरपुर-बुदहट (गोरखपुर)। कलशयात्रा के साथ सहजनवां ब्लाक के ग्राम पंचायत गोरेडीह में रविवार को नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शुरू हुई। कलशयात्रा कथा स्थल से निकल कर पर्यटक स्थल बाबा नागेश्वर नाथ शिव मंदिर बुदहट परिसर में स्थित सरोवर से श्रद्धालुओं ने कलश में जल भरकर कथा स्थल पर वापस आईं, तत्पश्चात कथा व्यास पंडित जीवन प्रकाश महाराज ने विधि-विधान से कलश स्थापना कराया।
श्रीमद्भागवत कथा के रहस्यों व इसके श्रवण के महत्व के विषय में बताते हुए हरिद्वार से पधारे पंडित जीवन प्रकाश महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा पुराण में भगवान के सभी अवतारों का विस्तृत वर्णन मिलता है, यही ग्रंथ मानव जीवन को ईश्वर से जोड़ने का सबसे सरल माध्यम है। उन्होंने कहा कि महर्षि वेदव्यास ने मानव में भगवान के प्रति प्रेम व भक्ति जागृत करने के उद्देश्य से श्रीमद्भागवत कथा पुराण की रचना की। कलयुग में केवल कथा सुनना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि कथा में बताए गए आदर्शों व शिक्षाओं को जीवन में उतारना भी उतना ही आवश्यक है, मानव जीवन क्षणभंगुर है।
इस अवसर पर मुख्य यजमान मेवालाल सिंह, विनय मद्धेशिया उर्फ बिन्नू, भरत सिंह, राम अनुज सिंह, अमरेन्द्र सिंह, प्रमोद कुमार गुप्ता, अभिशेक सिंह, श्रीराम सिंह, नरेन्द्र यादव, शत्रुजीत सिंह सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।
