गोरखपुर
गोरखपुर में लूटकांड का खुलासा, दो अभियुक्त गिरफ्तार, मंगलसूत्र बरामद
गोरखपुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी गोला के पर्यवेक्षण में थाना गोला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूट की घटनाओं में संलिप्त दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूट के दो मंगलसूत्र भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए अभियुक्तों में प्रिंस निषाद पुत्र प्रेम निषाद और विवेक निषाद पुत्र अजीत निषाद, दोनों निवासी बरहजपार माफी थाना गोला जनपद गोरखपुर शामिल हैं। इन दोनों के खिलाफ थाना गोला में दर्ज मु0अ0सं0 98/2026 धारा 309(6), 317(2) बीएनएस तथा मु0अ0सं0 74/2026 धारा 309(4), 317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की जा रही है।
घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि 19 मार्च 2026 को अभियुक्तों ने वादिनी की बहन को रास्ते में रोककर उसका मंगलसूत्र छीन लिया था। इस मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना गोला में मुकदमा संख्या 98/2026 पंजीकृत किया गया। इसके अलावा 26 फरवरी 2026 को ई-रिक्शा से जा रही वादिनी का मंगलसूत्र झपट्टा मारकर छीन लिया गया था, जिसके आधार पर मुकदमा संख्या 74/2026 दर्ज किया गया था।
थाना गोला पुलिस टीम ने सघन कार्रवाई करते हुए दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से लूट के दोनों मंगलसूत्र बरामद कर लिए। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विवेक सिंह, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल निलेश कन्नौजिया तथा कांस्टेबल हर्षवर्धन शामिल रहे। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
