गाजीपुर
नंदगंज बाजार में अतिक्रमण का कहर: सड़क की पटरियों पर सामान रखकर कब्जा, आवागमन में असुविधा
नंदगंज (गाजीपुर) जयदेश। जिले के नंदगंज बाजार में अतिक्रमण की समस्या लगातार विकराल रूप लेती जा रही है। मुख्य सड़क की पटरियों पर दुकानदारों द्वारा पहले सामान रखकर कब्जा किया जाता था। लेकिन अब स्थिति और गंभीर हो गई है। क्योंकि सरकारी अस्पताल के पास अब सड़क की पटरी पर मचान बनाकर दुकानें सजाई जा रही हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बलवती होती जा रही है।
इसी तरह बाजार के चोचकपुर तिराहा से लेकर शादियाबाद तिराहा तक हालात काफी बदतर हैं। यहां पर सड़क के दोनों तरफ के दुकानदारों के अतिक्रमण के साथ-साथ ठेला, फल और सब्जी विक्रेता भी अपनी दुकानें सजाकर सड़क की पटरियों पर कब्जा जमाए हुए हैं। उसमें सामान खरीदने वालों के जब अपनी बाइक व साइकिल मजबूरन सड़क पर खड़ा करना पड़ता है। जिससे मुख्य सड़क संकरी हो जाने की वजह से आए दिन जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है।

लोगों का कहना है कि इस अव्यवस्था के कारण वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और हर समय दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि करीब एक माह पूर्व स्थानीय पुलिस प्रशासन ने इस समस्या पर ध्यान दिया था और कुछ दिनों तक अभियान भी चलाया। लेकिन अब स्थिति फिर से पहले जैसी हो गई है। प्रशासन की निष्क्रियता के चलते अतिक्रमण करने वालों के हौसले बुलंद हैं। कुछ दुकानदार शाम को तीव्र आवाज में भोंपू बजाकर अपना सामान बेच रहे हैं। इस कर्कश आवाज की वजह से लोगों को बात करने में भी दिक्कतें होती है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए।ताकि बाजार में यातायात सुचार रुप से बहाल हो सके और साथ ही होने वाले संभावित हादसों से बचा जा सके।
