गाजीपुर
मनरेगा भुगतान को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर लगाए मजदूर विरोधी होने के आरोप
गाजीपुर (जयदेश)। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को जिले में मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान और संविदा कर्मियों के लंबित मानदेय को लेकर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी ने विकास भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध कार्यक्रम प्रदेश स्तर पर एक साथ आयोजित किया गया, जिसके माध्यम से भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ व्यापक असंतोष जताया गया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार मजदूरों के प्रति संवेदनहीन हो गई है। मनरेगा के तहत काम करने वाले मजदूरों का महीनों से भुगतान लंबित होना सरकार की नीयत और नीति दोनों पर सवाल खड़ा करता है। उनका कहना था कि गरीब मजदूर अपने ही मेहनताना पाने के लिए भटकने को मजबूर हैं। साथ ही ग्राम रोजगार सेवकों और अन्य संविदा कर्मियों को भी कई महीनों से मानदेय न मिलने को सरकार की विफलता बताया गया।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही मजदूरों और कर्मचारियों का बकाया भुगतान नहीं किया गया तो पार्टी सड़कों से लेकर सदन तक बड़ा जनआंदोलन करेगी। जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि सरकार गरीबों और मजदूरों के अधिकारों की अनदेखी कर रही है और मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरों का पसीना सूख गया, लेकिन उन्हें अब तक मजदूरी नहीं मिली, जो संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।

शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था के साथ रोजगार व्यवस्था भी चरमरा गई है। उनके अनुसार सरकार केवल प्रचार में व्यस्त है, जबकि जमीनी स्तर पर मजदूर और कर्मचारी अपने हक के लिए भटक रहे हैं। पूर्व विधायक पशुपतिनाथ राय ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं और मनरेगा भुगतान रोकना गरीबों के अधिकारों का हनन है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे पर निर्णायक संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी आंदोलन भी किया जाएगा।
एआईसीसी सदस्य रविकांत राय ने कहा कि सरकार की नीतियां पूंजीपतियों के पक्ष में हैं, जबकि मजदूरों को उनकी मेहनत की कमाई के लिए तरसाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस अन्याय को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपकर मनरेगा मजदूरों और संविदा कर्मियों के लंबित भुगतान को तत्काल जारी करने की मांग की।
कार्यक्रम में बटुक नारायण मिश्रा, अजय कुमार सिंह, अजय कुमार श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, देवनारायण सिंह, उमाशंकर सिंह, ज्ञान प्रकाश सिंह, राम नगीना पांडे, राशिद महबूब, निशा, विद्याधर पांडे, कमलेश्वर प्रसाद शर्मा, ओम प्रकाश यादव, कृष्णानंद तिवारी, वीरेंद्र राय, सीताराम राय, बृजेश कुमार, राघवेंद्र राम, दिनेश राम, अवधेश भारती, आशुतोष गुप्ता, आलोक यादव, ओम प्रकाश पांडे, राजेश तिवारी, जयप्रकाश पांडेय, प्रकाश राय, सुधांशु तिवारी, शशांक उपाध्याय, राघवेंद्र चौबे, काजल कश्यप, आरती भारती, चंद्रशेखर आर्य, मुसाफिर बिंद, सतीश यादव, गुलवास यादव, इंद्रजीत चौधरी, अजय दुबे, कुंदन खरवार, दीना यादव, संजय साहू, विनोद सिंह, जंगई, महेंद्र कुशवाहा, दिव्यांशु पांडे, विनोद सिंह, देवानंद यादव, संजय साहू, देवेंद्र सिंह, प्रवीण दुबे, इंद्रजीत चौधरी, सतीश श्रीवास्तव, ताहिर अब्बासी, संतोष निगम, ज्वाला वर्मा, उपेंद्र यादव, मुंशी अंसारी, राकेर राजभर, गुड्डू कुमार, हरिओम यादव, राहुल मौर्य सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
