Connect with us

गोरखपुर

मॉर्निंग वॉक पर निकले भाजपा नेता की चाकू घोंपकर हत्या

Published

on

Loading...
Loading...

गोरखपुर। चिलुआताल थाना क्षेत्र के बरगदवा इलाके में मंगलवार सुबह एक भाजपा नेता की निर्मम हत्या से इलाके में हड़कंप मच गया। भाजपा के सक्रिय सदस्य राजकुमार चौहान रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर अचानक हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने राजकुमार चौहान पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। शुरुआती जांच में सामने आया है कि उन पर 50 से 60 बार चाकू से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हलचल मच गई और वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों की पुष्टि की जा सके।

पुलिस के अनुसार, यह हमला उस समय हुआ जब राजकुमार चौहान सुबह टहलने निकले थे। हमलावरों की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने लगातार कई वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

राजकुमार चौहान क्षेत्र में भाजपा के सक्रिय नेता थे और उनकी स्थानीय स्तर पर अच्छी पकड़ मानी जाती थी। ऐसे में उनकी हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश की आशंका भी जताई जा रही है। पुलिस इस दिशा में भी गंभीरता से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर अलग-अलग स्तर पर छानबीन की जा रही है।

Advertisement

घटना के बाद बरगदवा और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग इस घटना से दहशत में हैं। हालात को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और लगातार गश्त बढ़ाई जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page