Connect with us

गाजीपुर

गाजीपुर के डॉ. संतोष सिंह को सीआईएसएफ में डीआईजी पद की जिम्मेदारी

Published

on

Loading...
Loading...

देवकली (गाजीपुर) जयदेश। जनपद के देवकली निवासी छत्तीसगढ़ कैडर 2011 बैच के आईपीएस डॉ० संतोष सिंह को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) पद पर डेपुटेशन मिला है। वर्तमान में डॉ० संतोष सिंह पुलिस मुख्यालय में डीआईजी सीसीटीएनएस/एससीआरबी के पद पर कार्यरत हैं। वह वरिष्ठ पत्रकार अशोक कुमार कुशवाहा के बड़े पुत्र हैं।

अवैध नशे के खिलाफ चलाए गए “निजात” अभियान के लिए डॉ० संतोष सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आईएससीपी अवार्ड से सम्मानित किया जा चुका है। गृह मंत्रालय ने उनकी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति को स्वीकृति प्रदान करते हुए आदेश जारी कर दिए हैं। इस संबंध में अंडर सेक्रेटरी संजीव कुमार द्वारा जारी पत्र में छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव को निर्देश दिया गया है कि आईपीएस सिंह को तत्काल नई जिम्मेदारी के लिए रिलीव किया जाए।

केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) केंद्र सरकार की एक प्रमुख सुरक्षा एजेंसी है, जो देश के औद्योगिक प्रतिष्ठानों के साथ-साथ हवाई अड्डों, परमाणु संयंत्रों, सरकारी भवनों और संसद की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाती है। हाल के समय में इसे देश के बंदरगाहों की सुरक्षा का दायित्व भी सौंपा गया है। वर्ष 1968 में स्थापना के समय यह बल मात्र 3,129 कर्मियों के साथ शुरू हुआ था, जो अब बढ़कर लगभग 2.20 लाख कर्मियों की विशाल शक्ति बन चुका है और देश के लगभग सभी राज्यों में तैनात है। यह बल जनता से सीधे जुड़ी महत्वपूर्ण सुरक्षा एजेंसियों में शामिल है, जिसका व्यापक जनसंपर्क हवाई अड्डों, मेट्रो स्टेशनों और विरासत स्थलों पर देखने को मिलता है।

वर्तमान में सीआईएसएफ 70 हवाई अड्डों सहित 361 महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान कर रहा है और संसद भवन की सुरक्षा का दायित्व भी इसी बल के पास है। इसके अतिरिक्त किसी भी सुरक्षा आपात स्थिति से निपटने के लिए बल के पास 12 रिजर्व बटालियन भी हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 6 मार्च 2026 को ओडिशा में सीआईएसएफ के 57वें स्थापना दिवस समारोह में घोषणा की थी कि देश के सभी प्रमुख बंदरगाहों की सुरक्षा अब सीआईएसएफ द्वारा संभाली जाएगी।

डॉ० संतोष सिंह, आईपीएस 2011 बैच, मूल रूप से गाजीपुर जनपद के देवकली के निवासी हैं। उनके पिता अशोक कुमार कुशवाहा पत्रकार हैं। उन्हें जनवरी 2025 में पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) पद पर पदोन्नति मिली थी। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), वाराणसी से राजनीति शास्त्र में बीए और एमए किया, जहां वे स्नातक में विश्वविद्यालय टॉपर और परास्नातक में गोल्ड मेडलिस्ट रहे। इसके अलावा उन्होंने यूजीसी नेट-जेआरएफ उत्तीर्ण किया। अंतरराष्ट्रीय संबंध विषय में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू), नई दिल्ली से एम.फिल तथा दुर्ग विश्वविद्यालय से संयुक्त राष्ट्र के शांति-निर्माण कार्यों पर पीएचडी की उपाधि प्राप्त की।

Advertisement

सेवा के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर, कोरबा, राजनांदगांव, कोरिया, रायगढ़, महासमुंद, नारायणपुर और कोंडागांव सहित नौ जिलों में एसपी/एसएसपी के रूप में कार्य किया। इससे पहले सुकमा में एएसपी और दुर्ग में सीएसपी पद पर भी अपनी सेवाएं दीं। सामुदायिक पुलिसिंग में विशेष रुचि रखने वाले डॉ० संतोष सिंह ने नक्सल प्रभावित जिलों में तैनाती के दौरान नक्सलियों के आत्मसमर्पण, गिरफ्तारी और मुठभेड़ों में भी योगदान दिया।

महासमुंद जिले में बाल हितैषी पुलिसिंग के लिए उन्हें उपराष्ट्रपति द्वारा ‘चैंपियंस ऑफ चेंज अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। वहीं रायगढ़ जिले में संचालित ‘संवेदना अभियान’ के लिए ‘फिक्की स्मार्ट पुलिसिंग पुरस्कार’ और ‘इंडिया पुलिस अवार्ड’ प्राप्त हुआ। कई जिलों में चलाए गए चर्चित नशा विरोधी अभियान “निजात” के लिए उन्हें अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ चीफ्स ऑफ पुलिस से आईएसीपी अवार्ड मिला। इस अभियान को गृह मंत्रालय के अधीन बीपीआरएंडडी द्वारा देश के 30 सर्वश्रेष्ठ स्मार्ट पुलिसिंग कार्यों में शामिल किया गया है।

रायगढ़ जिले में एक दिन में 12.37 लाख मास्क वितरित कर विश्व रिकॉर्ड बनाने का श्रेय भी उन्हें प्राप्त है। इसके अलावा महासमुंद में सर्वाधिक बच्चों को सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण देकर भी विश्व रिकॉर्ड स्थापित किया गया।

डॉ० संतोष सिंह तीन भाइयों में सबसे बड़े हैं। उनके मझले भाई डॉ० शैलेन्द्र सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवकली में बाल रोग विशेषज्ञ के रूप में कार्यरत हैं, जबकि सबसे छोटे भाई डॉ० धर्मेन्द्र सिंह ईएफएलयू शिलांग विश्वविद्यालय में सहायक प्रोफेसर हैं।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page