गाजीपुर
घर में घुसा तेज रफ्तार ट्रेलर, महिला की मौत
गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के भदौरा गांव में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुस गया, जिससे पशुओं को चारा देने जा रही इंदु देवी (25) की कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने ट्रेलर चालक को बंधक बना लिया और सुबह करीब चार बजे एनएच-124सी को जाम कर धरने पर बैठ गए। जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।
बताया गया कि इंदु देवी प्रतिदिन की तरह सुबह पशुओं के लिए चारा लेकर जा रही थीं। इसी दौरान गाजीपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर घर में जा घुसा। हादसे में इंदु देवी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घर के दरवाजे के पास खड़ी एक कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने चालक को ट्रेलर में ही बंधक बना लिया।
घटना की सूचना मिलने पर गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन लोग अपनी मांगों को लेकर अड़े रहे। बाद में सीओ जमानियां अनिल कुमार और तहसीलदार सुनील कुमार सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक काफी प्रयास के बावजूद जाम समाप्त नहीं हो सका था।
घटना के बाद मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में ट्रेलर चालक अक्सर तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी घर जा रहे एक युवक को ट्रेलर ने कुचल दिया था, जो वाराणसी के एक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार मांग के बावजूद प्रशासन द्वारा यहां स्पीड ब्रेकर नहीं बनवाया गया, जिसके कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सीओ जमानियां अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों को समझाकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
