गोरखपुर
धुरियापार चीनी मिल रोड की हालत बदहाल, जगह-जगह उड़ रही गिट्टियां
जल निकासी न होने से हर साल दलदल बनती है धुरियापार चीनी मिल रोड
गोलाबाजार (गोरखपुर)। गोला क्षेत्र में गोपालपुर से चीनीमिल होते माल्हनपार जाने वाले सड़क मार्ग की स्थिति बहुत ही दयनीय हो चली है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां उड़ रही हैं। ग्राम सरम गांव के पास धुरियापार चीनी मिल रोड धंसनी शुरू हो गई है। यदि समय रहते जिम्मेदार ध्यान नहीं दिए तो यह रास्ता अवरुद्ध हो जाएगा।
प्राप्त विवरण के अनुसार माल्हनपार से गोला तक आने वाली सड़क गोपालपुर तिराहा के पास रामजानकी सड़क से मिलती है। इस सड़क पर धुरियापार चीनी मिल स्थित है। यहीं ग्रेटर नोएडा की स्थापना होने जा रही है। कल-कारखाने बनेंगे। विभिन्न उद्योग लगेंगे। इस पर भारी वाहनों की लगातार आवाजाही होती रहती है। स्कूली बसें भी चलती हैं।

भारी वाहनों के आने-जाने से धुरियापार चीनी मिल से पहले सरम के पास दो फुट सड़क धंसकर दलदल बन गई है। यदि बड़े वाहनों के आने-जाने पर रोक नहीं लगी तो कभी भी रास्ता अवरुद्ध हो सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क की एक माह पूर्व मरम्मत हुई थी जो जगह-जगह टूट गई है। सड़क यहां क्यों धंस रही है, इस पर अगल-बगल के ग्रामीणों में राम लखन सिंह, कमलेश पांडेय, राम जतन का कहना है कि जहां सड़क धंसी है वहां सड़क के दोनों ओर बारिश का पानी लगता है। उसी के कारण यहां प्रति वर्ष सड़क दलदल हो जा रही है। जल निकासी की व्यवस्था हो जाती तो पानी का जमाव नहीं होता। यहां सड़क कई बार धंसकर दलदल बन चुकी है। फिर मरम्मत की जाती है। फिर सड़क धंसकर दलदल हो जाती है।
