वाराणसी
Varanasi Airport : 25 किलो गांजा बरामद, थाईलैंड से आए तीन यात्री गिरफ्तार
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने सोमवार को अंतरराष्ट्रीय उड़ान से पहुंचे तीन यात्रियों के पास से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया। तीनों यात्रियों के बैग से अलग-अलग पैकेटों में रखा गया कुल करीब 25 किलो गांजा जब्त किया गया है। कार्रवाई करते हुए कस्टम विभाग ने तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज करते हुए चालान कर दिया।
जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की विमान संख्या आईएक्स-216 रविवार देर रात बैंकाक से वाराणसी पहुंची थी। विमान के उतरने के बाद कस्टम विभाग की टीम ने यात्रियों की नियमित जांच शुरू की। जांच के दौरान अधिकारियों को तीन यात्रियों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उनके सामान की विशेष जांच की गई।

जांच में हिमराज रामसिंग सुंदर निवासी जुनागढ़ (गुजरात), राज कांतिलाल चौहान निवासी केशोद, जुनागढ़ (गुजरात) और हीनाबेन भारदा निवासी वडोदरा (गुजरात) के बैग से सील पारदर्शी कार्टून में रखे 12 पैकेट बरामद हुए। इन पैकेटों में कुल करीब 25 किलो 200 ग्राम गांजा मिला।
कस्टम अधिकारियों के अनुसार यह गांजा विशेष किस्म का है, जो पानी वाले क्षेत्रों में उगाया जाता है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 25 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बड़े महानगरों में इसकी सप्लाई की जाती है, जहां इसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है।
