Connect with us

गाजीपुर

पीडीए चौपाल में गूंजा ‘गाजीपुर चलो’ का आह्वान, कांशीराम जयंती को भव्य बनाने की तैयारी

Published

on

Loading...
Loading...

15 मार्च को सरजू पार्क में जुटेगा जनसैलाब, नेताओं ने सामाजिक न्याय और संविधान बचाने का दिया संदेश

गाजीपुर (जयदेश)। सामाजिक न्याय के पुरोधा और बहुजन आंदोलन के प्रणेता काशीराम की 92वीं जयंती को लेकर जनपद में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में ग्रामसभा गोलाधरी में पीडीए जनचौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। चौपाल के माध्यम से 15 मार्च को जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले जयंती समारोह के लिए लोगों को आमंत्रित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पिछड़ा दलित विकास महासंघ एवं यादव महासभा गाजीपुर के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव (साइकिल) रहे, जबकि मुख्य वक्ता पूर्व डीआईजी बलिकरन यादव थे। कार्यक्रम का संयोजन समाजवादी पार्टी के पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव सूरज राम बागी ने किया।

अपने संबोधन में पूर्व डीआईजी बलिकरन यादव ने कहा कि संविधान और सामाजिक न्याय की रक्षा के लिए समाज को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे भीमराव अम्बेडकर के पदचिह्नों पर चलते हुए शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बनाएं और अपने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जागरूक समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा कर सकता है।

Advertisement

मुख्य अतिथि सुजीत यादव ने कहा कि समाज को आगे बढ़ाने के लिए कुरीतियों को जड़ से समाप्त करना होगा। युवाओं को नशा, तेरही और दहेज जैसी कुप्रथाओं के खिलाफ संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने उपस्थित लोगों को 15 मार्च को प्रातः 10 बजे गाजीपुर पहुंचकर कांशीराम जयंती कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए कहा कि सामाजिक न्याय के मसीहा कांशीराम की जयंती को इस वर्ष “बहुजन समाज दिवस” और “पीडीए दिवस” के रूप में जिला मुख्यालय स्थित सरजू पार्क में मनाया जाएगा।

कार्यक्रम के संयोजक सूरज राम बागी ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों का स्वागत करते हुए कहा कि पीडीए समाज की आवाज को मजबूत करने के लिए समाजवादी पार्टी निरंतर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2027 में जनता समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाती है, तो पिछड़े, दलित और वंचित समाज के विकास को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने बताया कि 15 मार्च को सरजू पार्क में आयोजित कार्यक्रम समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष गोपाल यादव के नेतृत्व में संपन्न होगा, जिसमें जिले के विधायक, सांसद तथा कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं, जिससे इस बार कार्यक्रम में भारी जनसैलाब उमड़ने की संभावना जताई जा रही है।

इस अवसर पर मनई राम बिंद, सपा नेता सदानंद कनोजिया, अजय यादव सहित सैकड़ों गणमान्य लोग उपस्थित रहे। चौपाल में मौजूद लोगों ने भारी संख्या में जिला मुख्यालय पहुंचकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page