गोरखपुर
फॉर्च्यूनर की टक्कर से एमबीबीएस छात्र की मौत, तीन घायल; चालक गिरफ्तार
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र के चार फाटक ओवरब्रिज पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने रॉन्ग साइड से आकर भीषण हादसा कर दिया। इस दुर्घटना में बीआरडी मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्र आकाश पांडेय की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित चालक गोल्डेन साहनी को कार समेत गिरफ्तार कर लिया है। वह नौसढ़ के बाघागाड़ा का निवासी बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार रात लगभग 10 बजे फॉर्च्यूनर कार रॉन्ग साइड से चार फाटक ओवरब्रिज पर चढ़ गई और सामने से आ रहे आकाश पांडेय को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि संतकबीरनगर जिले के मेंहदावल क्षेत्र निवासी आकाश पांडेय ओवरब्रिज की रेलिंग में फंसकर लटक गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

आकाश पांडेय बीआरडी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस के तृतीय वर्ष के छात्र थे। बताया जा रहा है कि वह अपने सहपाठी अनूप के कुडाघाट स्थित घर पर भोजन करने आए थे। भोजन करने के बाद रात में वह वापस बीआरडी मेडिकल कॉलेज लौट रहे थे, तभी चार फाटक ओवरब्रिज पर यह हादसा हो गया।
हादसे के दौरान दो बाइक सवार समेत तीन अन्य लोग भी फॉर्च्यूनर की चपेट में आकर घायल हो गए। सूचना मिलने पर कौवाबाग और मोहद्दीपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को अस्पताल भेजा गया। घटना की खबर मिलते ही जिला अस्पताल की मोर्चरी पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मामले की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अभिनव त्यागी, एडीएम सिटी, बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा एमबीबीएस के कई छात्र भी वहां पहुंच गए। मृतक आकाश पांडेय के परिजन भी संतकबीरनगर से गोरखपुर के लिए रवाना हो गए।
शाहपुर पुलिस ने घटनास्थल से फॉर्च्यूनर कार और चालक गोल्डी निषाद को पकड़ लिया है। एसपी सिटी ने बताया कि हादसे में घायल अन्य लोगों की हालत खतरे से बाहर है।
