गोरखपुर
चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक अभियुक्त गिरफ्तार
गोरखपुर। चोरी के मामले में गीडा थाना पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर द्वारा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक उत्तरी के मार्गदर्शन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी गीडा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गीडा अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार थाना गीडा पर पंजीकृत मु0अ0सं0 90/2026 धारा 303(2) बीएनएस से संबंधित अभियुक्त धीरज कन्नौजिया पुत्र सिब्बन लाल कन्नौजिया निवासी साथीपार थाना गीडा जनपद गोरखपुर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से चोरी की एक अदद मोटरसाइकिल बरामद हुई। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर दर्ज मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी भी की गई है। पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के संबंध में बताया गया कि 02 मार्च 2026 को वादी ने थाना गीडा में तहरीर देकर बताया था कि उसके कॉम्प्लेक्स के सामने से अज्ञात व्यक्ति उसकी मोटरसाइकिल चोरी कर ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय, उपनिरीक्षक कमलेश प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक सरफराज अहमद, हेड कांस्टेबल रामवृक्ष, हेड कांस्टेबल रामप्रकाश तथा कांस्टेबल विजय मौर्या थाना गीडा जनपद गोरखपुर शामिल रहे।
