Connect with us

अपराध

वर्चस्व विवाद में फायरिंग करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार

Published

on

Loading...
Loading...

संतकबीरनगर। सरेआम गोलीबारी की घटना को अंजाम देने वाले गैंग के पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से तीन 32 बोर पिस्टल, छह कारतूस, एक 315 बोर तमंचा, दो कारतूस, एक चाकू तथा घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।

कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश दूबे ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम राकेश कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज कलेक्ट्रेट अशोक दूबे, चौकी इंचार्ज मगहर विनोद यादव, चौकी इंचार्ज इंडस्ट्रियल एरिया धर्मेंद्र मिश्रा तथा एसओजी टीम के हेड कांस्टेबल अनूप राय व विवेक राय की संयुक्त टीम ने महामाया पॉलीटेक्निक बालूशासन के पश्चिम स्थित बाग के पास से बाइक सवार तीन आरोपियों को दबोच लिया।

पूछताछ में उनकी पहचान कृष्णा यादव निवासी ऊनखास, हरिओम पासवान निवासी राउतपार तथा विपिन भारती उर्फ कट्टा निवासी ऐंचाकाट, कोतवाली खलीलाबाद के रूप में हुई। तलाशी लेने पर कृष्णा यादव के पास से 32 बोर की पिस्टल व दो कारतूस, हरिओम पासवान के पास से 32 बोर की पिस्टल व एक कारतूस तथा विपिन भारती के पास से 315 बोर तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान कृष्णा यादव ने बताया कि बस्ती जनपद के मुंडेरवा क्षेत्र के अरईल निवासी प्रियांशु दूबे अपने माता-पिता के साथ खलीलाबाद के घोरखल में किराए के मकान में रहते हैं। वर्चस्व को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते 27 फरवरी को सूचना मिली कि प्रियांशु दूबे भदाह चौराहे स्थित एक इंटर कॉलेज में किसी को परीक्षा दिलाने आने वाले हैं। योजना बनाकर आरोपी पहले से वहां मौजूद थे। प्रियांशु के पहुंचते ही कृष्णा यादव ने पिस्टल से फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई और इसके बाद सभी आरोपी फरार हो गए।

गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में शामिल दो अन्य अभियुक्तों प्रेम प्रकाश सिंह निवासी ऊनखास तथा शेषनाथ तिवारी निवासी सोनखर, मुंडेरवा (जनपद बस्ती) को इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। प्रेम प्रकाश सिंह के कब्जे से 32 बोर की पिस्टल व तीन कारतूस तथा शेषनाथ तिवारी के पास से एक चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि घटना में प्रयुक्त बाइक हरिओम पासवान की है, जिसे मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Advertisement

Copyright © 2024 Jaidesh News. Created By Hoodaa

You cannot copy content of this page