वायरल
युवक की मृत्यु के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने केक का लिया नमूना
बस्ती। गौर थाना क्षेत्र के महुआडाबर गांव में केक खाने के बाद युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। टीम ने संबंधित दुकान से केक के चार पैकेटों का नमूना लेकर जांच के लिए लखनऊ भेजने की तैयारी की है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. सुभेश कुमार ने बताया कि दुकानदार ने कुल 72 पैकेट केक मंगाए थे, जिनमें से 68 पैकेट बिक चुके थे और मौके पर केवल चार पैकेट शेष मिले। सभी बचे पैकेटों का सैंपल संग्रहित कर लिया गया है। अभिहित अधिकारी चितरंजन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था।
जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. रामजी सोनी के अनुसार, यदि केक खाने के बाद पेट दर्द, उल्टी और तबीयत बिगड़ने के लक्षण सामने आए हैं तो फूड प्वाइजनिंग की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। केक एक्सपायर्ड या मिलावटी भी हो सकता है।
मृतक अमन चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
