वायरल
रुद्रपुर में मिशन शक्ति टीम ने आयोजित किया बहू-बेटी सम्मेलन
देवरिया। जिले के रुद्रपुर में मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के अंतर्गत साइबर जागरूकता कार्यक्रम और बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक करना था। आजाद नगर वार्ड में आयोजित इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाएं और छात्राएं शामिल हुईं।
रविवार को हुए कार्यक्रम में उपनिरीक्षक होराम सिंह, आरक्षी आशीष यादव, महिला आरक्षी रीता यादव और कंचन यादव उपस्थित रहे। पुलिस टीम ने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण मिशन तथा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इसके साथ ही टीम ने महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों के प्रति भी जागरूक किया। इनमें 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 102 (गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं के लिए एंबुलेंस), 181 (महिला हेल्पलाइन), 108 (एंबुलेंस सेवा), 1098 (चाइल्डलाइन) और 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा) शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को साइबर अपराधों से सतर्क रहने, किसी भी उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराने और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करने की अपील की। कार्यक्रम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
