गोरखपुर
नाली विवाद में अधिवक्ता की पीट-पीटकर हत्या
गोरखपुर। जिले की नगर पंचायत बांसगांव में जल निकासी को लेकर चला आ रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक टकराव में बदल गया, जिसमें वार्ड नंबर 9 निवासी अधिवक्ता अग्निवेश सिंह की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया और एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
बताया गया कि अग्निवेश सिंह की जमीन के रास्ते नाली का पानी निकालने के लिए दूसरे पक्ष द्वारा पाइप डालने की कोशिश की जा रही थी। इसका उन्होंने विरोध किया। आरोप है कि इसी बात पर दूसरे पक्ष के लोगों ने उन्हें घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में उनके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना में अग्निवेश सिंह के भाई नीतीश सिंह (अधिवक्ता) और उनके पिता सुनील सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति भी घायल हुआ है, जिसका सिर फट गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है और जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मृतक के परिजन शव को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां से पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कराई। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी प्रदीप सिंह और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज करने की बात कही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाली का पानी अग्निवेश सिंह की जमीन से गुजारने को लेकर विवाद लंबे समय से चला आ रहा था, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं निकल पाया था। अग्निवेश सिंह क्षेत्र में लोकप्रिय अधिवक्ता के रूप में जाने जाते थे। उनकी मृत्यु से वकील संघ में आक्रोश व्याप्त है। वहीं, परिवार में शोक का माहौल है। पत्नी और छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई नीतीश सिंह ने इसे सुनियोजित हत्याकांड बताते हुए आरोप लगाया कि हमलावरों ने पूर्व नियोजित तरीके से उनके भाई को घेरकर बेरहमी से पीटा।
