गोरखपुर
मैजिक वाहन से दबकर बालक की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
गोरखपुर। हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा यज्ञ में शुक्रवार अपराह्न तीन बजे के करीब उस समय हड़कंप मच गया, जब यज्ञ में मैजिक वाहन से लदी सब्जी लेकर पहुंचे ड्राइवर की एक चूक से पास में खेल रहे एक बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे स्वजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। वहीं हंगामे की सूचना मिलते ही हरपुर बुदहट, सहजनवा और गीडा थाने की फोर्स मौके पर पहुंची और हंगामे को शांत कराते हुए बालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार अपराह्न तीन बजे के करीब बैजलपुर निवासी मनोज कन्नौजिया का छह वर्षीय पुत्र श्रेयांश भागवत कथा के पांडाल के पास खेल रहा था, तभी यज्ञ में होने वाले भंडारे के लिए सब्जी लदा वाहन (मैजिक) गाड़ी आई और पीछे बैक करते समय बालक गाड़ी के नीचे आ गया, जिससे गाड़ी का पहिया बालक के सिर पर चढ़ गया और मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
स्वजनों को जब इसकी सूचना हुई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर हंगामा करने लगे। सूचना पर पहुंची तीन थानों की फोर्स ने हंगामे को शांत कराया। पिता मनोज कन्नौजिया की तहरीर पर पुलिस ने मैजिक और चालक शेषनाथ यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
